
चांपा (उच्चभिट्ठी)। चांपा से कोरबा जाने वाले मुख्य मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति अब राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी के साथ-साथ दुर्घटना का कारण बनती जा रही है। उच्चभिट्ठी और सिवनी के बीच सड़क पर जगह-जगह बने छोटे-बड़े गड्ढों ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है। सड़क की स्थिति ऐसी है कि वाहन चालकों को हर कदम पर संभलकर वाहन चलाना पड़ रहा है।
सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। सड़क पर बने गड्ढे कई बार दूर से दिखाई नहीं देते और अचानक वाहन के गड्ढे में जाने से चालक अपना संतुलन खो बैठते हैं। इसी तरह का एक हादसा सामने आया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सड़क पर बने गड्ढे के कारण एक दुपहिया वाहन अनियंत्रित होकर गिरा हुआ दिखाई दे रहा है। गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप नहीं ले पाया।
रात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा –

स्थानीय लोगों के अनुसार शाम और रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है। पर्याप्त रोशनी के अभाव में सड़क के गड्ढे स्पष्ट नजर नहीं आने से वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने या गड्ढे से बचने का प्रयास करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। भारी वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है।आज सुबह कोरबी धतूरा चाम्पा मार्ग से कोथारी रेल्वे साइडिंग कि ओर जा रही कोयले से लदी वाहन हाइवा ट्रक क्रमांक -CG12BG2156 अनियंत्रित होकर पलट गई जिसे ड्राइवर सतीश यादव उम्र लगभग 28 वर्ष चला रहा था जिसका कहना था सड़क में बने बड़े बड़े गड्ढे को नही देख पाया जिसके कारण यह दुर्घटना कारित हो गया।


