मेगा हेल्थ कैंप में लिया अनुकरणीय संकल्प, चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए समर्पित किया देहदान
बैकुंठपुर। एमसीबी जिले के चिरमिरी के पोड़ी स्थित मंगल भवन में आयोजित दो दिवसीय वृहद मेगा हेल्थ कैंप के पहले दिन मानव सेवा और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी पहल सामने आई। शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेने पहुंचीं कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मृत्यु उपरांत अपना देहदान करने का संकल्प लेकर समाज के सामने सेवा, संवेदना और मानवीय जिम्मेदारी का अनुकरणीय संदेश प्रस्तुत किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में पूरी की आवश्यक औपचारिकताएं
कलेक्टर सुश्री जांगड़े ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में देहदान से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए अपना संकल्प दर्ज कराया। उनका यह कदम चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं भावी चिकित्सकों के प्रशिक्षण में देहदान के महत्व को रेखांकित करने वाला रहा।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य केवल स्वयं के लिए जीना नहीं, बल्कि जीवन के बाद भी समाज और मानवता के काम आना है। यदि मृत्यु के उपरांत शरीर चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के अध्ययन, शोध एवं अनुसंधान में उपयोगी हो सके और उससे भविष्य में बेहतर चिकित्सा सेवाओं के विकास में योगदान मिले, तो इससे बड़ी मानव सेवा की भावना और क्या हो सकती है।
भ्रांतियों को दूर करने जागरूकता जरूरी
कलेक्टर ने कहा कि देहदान को लेकर समाज में अभी भी कई प्रकार की भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं। सही जानकारी, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और निरंतर जनजागरूकता के माध्यम से इन भ्रांतियों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने स्वयं देहदान का संकल्प लेकर समाज के लोगों को इस विषय पर गंभीरता से विचार करने और मानवता के हित में आगे आने का संदेश दिया।
कलेक्टर की पहल बनी प्रेरणा का केंद्र
मेगा हेल्थ कैंप में कलेक्टर के देहदान संकल्प की जानकारी सामने आने के बाद चिकित्सकों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों ने इसकी सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि जिले की प्रशासनिक प्रमुख द्वारा स्वयं आगे बढ़कर देहदान का संकल्प लेना जनजागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल है।
विशेषकर ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में अंगदान और देहदान को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा लोगों को इसके मानवीय एवं चिकित्सकीय महत्व से अवगत कराने में ऐसी पहल प्रभावी भूमिका निभा सकती है।
नागरिकों से की अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील
कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने जिले के नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अंगदान एवं देहदान के महत्व को समझने तथा इससे संबंधित सही और प्रमाणित जानकारी समाज तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जीवन की सार्थकता केवल जीवनकाल तक सीमित नहीं है। मृत्यु के बाद भी यदि किसी व्यक्ति के शरीर का उपयोग चिकित्सा शिक्षा, शोध एवं मानव कल्याण के लिए हो सके, तो यह सेवा और मानवता की भावना को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण योगदान है।
कलेक्टर का यह संकल्प मेगा हेल्थ कैंप की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मानवता, जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक संदेश बनकर सामने आया।


