तीन अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर पकड़े गए आरोपी, ₹50,300 नकद और 52 पत्ती ताश बरामद
जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अकलतरा पुलिस ने कटपत्ती जुआ खेलते 11 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल ₹50,300 नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री बरामद की है। कार्रवाई से जुआरियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम कोटगढ़ एवं ग्राम बाना में कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर कटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर तत्काल बताए गए स्थानों पर दबिश दी गई।
ग्राम कोटगढ़ में दो अलग-अलग प्रकरणों तथा ग्राम बाना में एक प्रकरण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹50,300 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डॉ. मेघलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई। निरीक्षक जय कुमार साहू तथा प्रशिक्षु उप निरीक्षक नितिन चंद्रवंशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों प्रकरणों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इन आरोपियों पर हुई कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप टंडन (40), राजकुमार मिरी (35), श्याम कार्तिक (38), अजय कंवर (39), कुश कुमार अंचल (29), अमरकांत कुर्रे (30), शिव कुमार (38), सोमू भारती (23), मनीराम साण्डे (42), विवेकी मिरी (32) एवं बाली कुमार कंवर (44) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम कोटगढ़ एवं ग्राम बाना के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया है।
अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी
अकलतरा पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ-सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सूचना तंत्र को सक्रिय रखा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
एक साथ 11 जुआरियों की गिरफ्तारी और बड़ी नकदी की बरामदगी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।


