भाषण प्रतियोगिता में मीरा केंवट ने हासिल किया प्रथम स्थान, बीईओ ने शील्ड देकर किया सम्मानित
पामगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, अभिव्यक्ति क्षमता एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भाषण प्रतियोगिता में शासकीय प्राथमिक शाला गजपुरवापारा की कक्षा 5वीं की छात्रा मीरा केंवट ने प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मीरा की शानदार अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास एवं विषय की प्रभावी प्रस्तुति की उपस्थित अतिथियों एवं निर्णायकों द्वारा सराहना की गई।
प्रथम स्थान प्राप्त करने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री रमेन प्रसाद जोशी द्वारा छात्रा मीरा केंवट को शील्ड भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में बीआरसी श्री भर्तृहरि, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री राकेश सोनी, श्रीमती सुचिता भोंसले, सेजेस पामगढ़ के प्राचार्य श्री राजकुमार बंजारे, हाईस्कूल मेंहदी के प्राचार्य श्री अनंत सर तथा शासकीय प्राथमिक शाला गजपुरवापारा की प्रधानपाठिका श्रीमती गनेशी बंजारे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने, अध्ययन के साथ-साथ रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया गया। मीरा केंवट की उपलब्धि ने विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया।


