सांकेतिक छायाचित्र
अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाताओं की होगी दोबारा जांच, सूची के सत्यापन से स्थिति होगी स्पष्ट-
जांजगीर-चांपा। देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चर्चा के बीच छत्तीसगढ़ में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। SIR के दौरान अनुपस्थित अथवा दूसरे स्थान पर स्थानांतरित पाए गए मतदाताओं के घर बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एक बार फिर पहुंचेंगे और उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाएंगे।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में ऐसे करीब 19.13 लाख मतदाता हैं, जिनका SIR के दौरान सत्यापन नहीं हो सका या वे अपने दर्ज पते पर अनुपस्थित अथवा अन्य स्थान पर स्थानांतरित पाए गए। अब BLO इन मतदाताओं के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी एकत्र करेंगे।

दो दिन विशेष शिविर उसके बाद डोर टू डोर जाने कि तैयारी..
इस दौरान SIR से पहले और SIR के बाद तैयार की गई मतदाता सूचियों का भी मिलान किया जाएगा। BLO यह सत्यापित करेंगे कि संबंधित मतदाता वास्तव में दर्ज पते पर निवास कर रहे हैं अथवा किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं। इससे मतदाता सूची में दर्ज नामों की वास्तविक स्थिति और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि SIR के दौरान छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए थे। SIR के बाद करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने की जानकारी सामने आई थी, जिनमें 6 लाख से अधिक मतदाता मृत पाए गए थे। वहीं बड़ी संख्या में मतदाता अनुपस्थित अथवा स्थानांतरित भी मिले थे।
अब BLO द्वारा दोबारा किए जाने वाले सत्यापन से मतदाता सूची को और अधिक व्यवस्थित एवं अद्यतन करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इस प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र मतदाताओं की स्थिति सुनिश्चित करना तथा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र प्रविष्टियों की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करना है।

निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े इस पुनः सत्यापन अभियान के बाद मतदाता सूची की स्थिति और अधिक स्पष्ट होने तथा आगामी चुनावों के लिए अधिक सटीक मतदाता सूची तैयार होने की उम्मीद है।


