रास्ते में अकेली महिला को पाकर की थी अशोभनीय हरकत, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा
जांजगीर-चांपा। महिला के साथ छेड़छाड़ के मामले में पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76 एवं 79 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस तत्परता को महिला सुरक्षा के प्रति गंभीरता और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रिश्तेदार के घर जा रही महिला से रास्ते में की छेड़छाड़
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 26 नवंबर 2026 को पैदल अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उसे अकेला पाकर अशोभनीय टिप्पणी की और उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना से परेशान पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना पामगढ़ में दर्ज कराई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75, 76 एवं 79 में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
एसपी के निर्देशन में पुलिस ने दिखाई तत्परता
महिला के साथ घटित अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री यूलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी शिवरीनारायण श्री तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने 27 नवंबर 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान छबिलाल सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी धाराशिव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कविता टंडन, आरक्षक सीताराम सूर्यवंशी एवं आरक्षक भुनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।
पामगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस त्वरित कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।