उच्चभिट्ठी चाम्पा – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत उच्चभिट्ठी, विकासखंड बलौदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 98 में 30 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय पोषण माह एवं आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चों में पोषण, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री सरोज कुमार यादव तथा विशिष्ट अतिथि श्री प्रकाश कांत कुर्रे एवं श्रीमती जवा बाई यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती उमा रवि मरावी, सरपंच द्वारा की गई। इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती पूजा तिवारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका, मितानिन, महिलाएं, बच्चे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा बच्चों के समुचित विकास के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं महिला-बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में उत्कृष्ट सहभागिता एवं सेवाभावी कार्यों के लिए संबंधित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए बच्चों एवं महिलाओं का स्वस्थ एवं सुपोषित होना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए समुदाय की सक्रिय सहभागिता और जागरूकता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


