कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों के निराकरण और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश-
जांजगीर-चांपा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने जांजगीर जिले के वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन जांजगीर एवं थाना चांपा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में सेवा पुस्तिकाओं, अनुकंपा नियुक्ति, लंबित पेंशन, भविष्य निधि, निर्माण कार्य, बजट, न्यायालयीन प्रकरण, निलंबित अधिकारी-कर्मचारियों से संबंधित मामलों, अपील एवं अवकाश प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना-चौकी से प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने पर विशेष जोर दिया।
जुआ-सट्टा और अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश-

आईजी राम गोपाल गर्ग ने थाना एवं चौकी प्रभारियों को जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ अपराधियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा-

वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा, स्टोर शाखा एवं आर्म्स शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों एवं दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी लेने के साथ ही स्टोर सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव, हथियारों की सुरक्षित व्यवस्था तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस जिम एवं यातायात शाखा के जीर्णोद्धार किए गए भवन का भी शुभारंभ किया। पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मुलाकात कर बढ़ाया हौसला
निरीक्षण के दौरान आईजी ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से भी मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन, कड़ी मेहनत, लगन, पौष्टिक खान-पान और शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। युवाओं को लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया गया।
राहवीर, सड़क सुरक्षा मित्र और महिला कमांडो हुए सम्मानित-

जांजगीर के ड्रीम प्वाइंट होटल में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान एवं महिला कमांडो को आईजी राम गोपाल गर्ग द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा एवं जनसहयोग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने राहवीर योजना की उपयोगिता बताते हुए दुर्घटना के बाद घायलों को समय पर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने में आम नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
साइबर अपराधों के प्रति लोगों को किया जागरूक-
कार्यक्रम के दौरान आईजी ने लोगों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP एवं निजी जानकारी साझा न करें तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत करें।
थाना चाम्पा में निरीक्षण में लंबित मामलो पर सख्ती


वार्षिक निरीक्षण के क्रम में आईजी ने थाना चांपा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी से लंबित प्रकरणों एवं शिकायतों की जानकारी लेते हुए पुराने मामलों के शीघ्र निराकरण, सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने तथा असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
विशेष रूप से जुआ, सट्टा और अवैध शराब के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहते हुए जनता के साथ बेहतर समन्वय, संवेदनशील व्यवहार और त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग का मूल उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जांजगीर विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


