खेल-खेल में गणित सीखने की अभिनव पहल, गतिविधियों और नवाचारों से बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।

जांजगीर-चांपा। जोन स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण के दौरान जोन पी.एस. मड़वा में जोन स्तरीय गणित मेले का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं रचनात्मक वातावरण में किया गया। मेले में बच्चों को गणितीय अवधारणाओं को गतिविधियों, खेल और नवाचार के माध्यम से सरल एवं रोचक ढंग से समझाने का सराहनीय प्रयास किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में गणित के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना रहा।
गणित मेले का आयोजन श्रीमती सुषमा बिंझवार एवं श्रीमती कामिनी नायक के मार्गदर्शन में किया गया। मेले में बच्चों को खेल-खेल में गणित सीखने के लिए विभिन्न रोचक एवं गतिविधि आधारित माध्यमों का प्रयोग किया गया। इन गतिविधियों ने अमूर्त गणितीय अवधारणाओं को बच्चों के सामने मूर्त एवं प्रत्यक्ष अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया, जिससे कठिन माने जाने वाले गणितीय विषय भी बच्चों के लिए सहज, सरल और आनंददायक बनते नजर आए।

मेले में स्टॉल क्रमांक-1 विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बच्चों ने तिल्ली एवं बंडल के खेल के माध्यम से संख्या, समूह, गिनती तथा विभिन्न गणितीय संरचनाओं की अवधारणाओं को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने न केवल गणितीय अवधारणाओं को समझा, बल्कि उन्हें अपनी भाषा और अनुभव के आधार पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिला।
आयोजन की विशेषता यह रही कि पारंपरिक तरीके से गणित पढ़ाने के बजाय करके सीखने और अनुभव के माध्यम से समझने की पद्धति को प्राथमिकता दी गई। इससे बच्चों में गणित के प्रति जिज्ञासा और उत्साह बढ़ा तथा सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और आनंददायक बनी।
गणित मेले में बच्चों के आत्मविश्वास, प्रस्तुतीकरण कौशल एवं गतिविधि आधारित समझ को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।



