बिर्रा पुलिस ने 68 किलोग्राम अवैध पटाखों पर की कार्रवाई, विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
जांजगीर-चांपा। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जुआ-सट्टा और अवैध पटाखों के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में बिर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से करीब 68 किलोग्राम अवैध पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत 75,000 रुपये है, जब्त किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपावली त्योहार को ध्यान में रखते हुए जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान थाना बिर्रा पुलिस ने आरोपी के कब्जे में रखे अवैध पटाखों को जब्त कर उसके विरुद्ध थाना बिर्रा अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 9(ख), विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस की इस कार्रवाई को दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और कारोबार पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी एवं रामसाय साहू, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर टीम तथा थाना बिर्रा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील: दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। अवैध रूप से पटाखों का भंडारण या बिक्री न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


